मसूरी सड़क किनारे वाहन में युवक का शव: मसूरी-देहरादून मार्ग पर गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन के अंदर 21 वर्षीय युवक का शव मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाई ने रास्ते में देखा सड़क किनारे खड़ा वाहन
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मनीष कुमार पुत्र दर्शन लाल, निवासी टकराना, कैम्पटी, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। मनीष पिकअप वाहन चलाने का काम करता था और वह मसूरी से देहरादून के लिए रवाना हुआ था।
इसी दौरान सुबह उसका भाई अनुज भी पिकअप वाहन से मसूरी से देहरादून की ओर जा रहा था। रास्ते में उसने मनीष का वाहन सड़क किनारे खड़ा देखा। वाहन को संदिग्ध स्थिति में खड़ा देखकर वह मौके पर पहुंचा।
वाहन के अंदर मिली युवक की लाश
जब अनुज ने वाहन के पास जाकर देखा तो मनीष वाहन के बाएं डाले की ओर सफेद रंग की पतली रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद उसने तुरंत फंदा खोलकर मनीष को वाहन के अंदर लिटाया और घटना की जानकारी कोलूखेत पुलिस चौकी को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
